After Header-1

होली हमारी सांस्कृतिक पहचान’—मुख्यमंत्री धामी ने साझा की बचपन की यादें और 1900 करोड़ की योजनाएं

300×250 ADS-1

काशीपुर। होली मिलन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमूह को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उन्होंने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और भजन गायन में भी हिस्सा लिया तथा स्थानीय लोगों के साथ रंगोत्सव की खुशियां साझा कीं।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि काशीपुर में आयोजित यह महोत्सव सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने नगर निगम की टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की होली की यादें साझा करते हुए कहा कि वे बचपन में इस पर्व का बेसब्री से इंतजार करते थे। रंगों के साथ-साथ घर में बनने वाले पकवानों की खुशबू और विशेषकर गुजिया का स्वाद आज भी उन्हें रोमांचित कर देता है। उन्होंने कहा कि आज के आयोजन में वही भाईचारा, एकता और उत्साह देखने को मिला, जो हमारी संस्कृति की असली ताकत है।

मुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शहर के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है।

300×600 ADS-2

उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन में अपग्रेड करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। साथ ही तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का कार्य भी शुरू हो चुका है। लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर भी कार्य जारी है, जिससे स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अतिरिक्त बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी प्रगति पर है।

उन्होंने यह भी बताया कि काशीपुर के प्रसिद्ध चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़ने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र एक प्रमुख सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित हो सके।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, मेयर विकास शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अंत में सभी नागरिकों से प्रेम, सद्भाव और एकता के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.