देहरादून स्थित देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में जल जीवन मिशन के तहत 700 करोड़ रुपये की पहली किस्त शीघ्र जारी किए जाने पर खुशी व्यक्त की गई। संगठन के मुख्यालय चंदननगर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने की।
अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि बीते दो वर्षों से संगठन जल जीवन मिशन के लंबित भुगतानों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहा था। अब केंद्र सरकार द्वारा 700 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने के निर्णय से ठेकेदारों में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय तथा राज्य के पेयजल विभाग का आभार व्यक्त किया।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 2000 करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान आवश्यक है, ताकि ठेकेदार बैंक ब्याज, मजदूरी और वेंडरों के बकाए का भुगतान कर सकें। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि शेष धनराशि भी शीघ्र जारी की जाए, जिससे मिशन के अधूरे कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
बैठक में सचिन मित्तल, सुनील गुप्ता, सौरभ गोयल, अंकित सलार, जेपी अग्रवाल और संदीप मित्तल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने विश्वास जताया कि सरकार के सकारात्मक कदमों से जल जीवन मिशन को गति मिलेगी और प्रदेश में पेयजल परियोजनाओं का कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ेगा।