सुबह सूचना। खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा स्थित गांधी फुटबॉल मैदान, लोहियाहेड में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सहयोग से निर्मित ओपन जिम का विधिवत लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मन और मस्तिष्क को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। आज खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इसलिए युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी योजनाओं से खेल ढांचे को मजबूती मिली है। इसका परिणाम है कि देश और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अब खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और इस वर्ष 10 हजार नई नियुक्तियां की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ओपन जिम के उपकरणों का अवलोकन किया और क्रिकेट में भी हाथ आजमाया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल रुचि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।