After Header-1

उत्तराखंड चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूती, पूर्व आईजी अनंतराम चौहान समेत कई नेता शामिल

देहरादून, 14 अक्टूबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में चकराता विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक अनंतराम चौहान समेत कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के कारण प्रदेश की जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर घोषणाएं कर रही है, लेकिन आम लोगों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो रहा। गोदियाल ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर कांग्रेस को मौका देगी।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं के अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी और चुनावी तैयारियों को गति मिलेगी।

वहीं, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे मुद्दों पर प्रभावी कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरेगी।

इन नेताओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता

कांग्रेस में शामिल होने वालों में दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी अनंतराम चौहान, कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह और शशांक भट्ट शामिल हैं।

कार्यक्रम में विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, महामंत्री अभिषेक सिंह, राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, विनोद चौहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.