देहरादून/टनकपुर। Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को टनकपुर में ऐतिहासिक मां पूर्णागिरि मंदिर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्णागिरि धाम और आसपास के क्षेत्रों के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पूर्णागिरि मेला केवल सीमित अवधि तक न रहकर पूरे वर्ष संचालित किया जाए। इसके लिए स्थायी संरचनाओं का निर्माण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें।
उन्होंने सेलागाड़ से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण, कालीगूठ से पूर्णागिरि के विभिन्न मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, तामली से रूपालीगढ़ होते हुए सीम तक मोटर सड़क निर्माण, मेला क्षेत्र में भव्य प्रवेश द्वार, मंच-लेठी-वमनगांव-तरकुली-आवड़ा-सेम-चूका तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही पूर्णागिरि के आंतरिक क्षेत्र के विकास, विश्राम रोड और पुलिया निर्माण का भी ऐलान किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि घोषित योजनाओं पर बिना विलंब कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि देवभूमि है, जहां कण-कण में दिव्यता समाई हुई है। मां पूर्णागिरि से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार धाम को एक भव्य आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण चम्पावत जिले को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। आने वाले वर्षों में पूर्णागिरि धाम और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में विकसित होगा।

