गणतंत्र दिवस कैंप में चमके उत्तरांचल विश्वविद्यालय के कैडेट्स, भव्य समारोह में हुआ सम्मान

देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय में गणतंत्र दिवस कैंप और थलसेना कैंप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले कैडेट्स के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें 29 यूके एनसीसी बटालियन के कैडेट्स को सम्मानित किया गया।

समारोह में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि देश के प्रतिष्ठित आरडीसी (गणतंत्र दिवस कैंप) और टीएससी (थल सेना कैंप) जैसे राष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इन कैडेट्स ने न केवल अपने परिवार और विश्वविद्यालय बल्कि पूरे राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

सम्मानित होने वाले कैडेट्स में हिमांशु जखमोला, उदय रेड्डी, सूरज नौटियाल, कृपाल सिंह, वैभव तिवारी, बिराज चंदा और अनन्या सैनी शामिल रहे।

विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष सुश्री अंकिता जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय की एनसीसी बटालियन ने कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने विशेष रूप से कैडेट आयुष गौड़ की उपलब्धि का उल्लेख किया, जिन्होंने एफकेट में प्रथम स्थान प्राप्त कर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में सफलता हासिल की। वहीं कैडेट आयुष भट्ट का चयन अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय एलपाइन स्कीइंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा, एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. नितिन डुकलान, सुबेदार मेजर सर्वेश्वर प्रसाद, विरेन्द्र कुमार कौल सहित एनसीसी बटालियन के कैडेट्स और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.