रानीखेत के रिहायशी इलाकों में दो गुलदार CCTV में कैद, लोगों में दहशत

रानीखेत।  नगर और आसपास के रिहायशी इलाकों में पिछले कुछ समय से गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। मंगलवार रात करीब नौ बजे जरूरी बाजार स्थित मिशन स्कूल के पास दो गुलदार सड़क पर घूमते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। वायरल वीडियो में दोनों गुलदार बेखौफ आबादी क्षेत्र में टहलते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई दिनों से शाम होते ही विभिन्न मोहल्लों में गुलदार देखे जा रहे हैं। नंदा देवी परिसर, जरूरी बाजार, बद्रीव्यू, सुदामापुरी, राजपुर, सरना गार्डन, केमू स्टेशन, सेवासदन, स्प्रिंग फील्ड और मुख्य बाजार से सटे क्षेत्रों में भी इनके दिखाई देने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और व्यापारियों में खासा डर व्याप्त है।

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि आबादी क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

इधर व्यापार मंडल और छात्रसंघ पदाधिकारियों सहित स्थानीय लोगों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि शाम के समय बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.