रुद्रपुर। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल पंतनगर स्थित Greenpanel Industries Ltd की फैक्ट्री में गुरुवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया और सुबह-सुबह टीम ने फैक्ट्री परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें पंतनगर के अलावा देश के अन्य राज्यों में स्थित कंपनी के ठिकानों और सहयोगी इकाइयों पर भी एक साथ सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टीम ने सबसे पहले फैक्ट्री के एंट्री और एग्जिट गेट सील कर दिए और अंदर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। परिसर के भीतर और बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे किसी को भी बिना अनुमति अंदर-बाहर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई करोड़ों रुपये की संभावित टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी है। आयकर अधिकारी फैक्ट्री के लेखा-जोखा, स्टॉक रजिस्टर, बैंक लेनदेन और कंप्यूटर हार्ड डिस्क की गहन जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि ग्रीन पैनल देश की प्रमुख एमडीएफ और प्लाईवुड निर्माता कंपनियों में शामिल है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली और बरेली से आई टीमों के नेतृत्व में यह सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और जांच कई घंटों या दिनों तक जारी रह सकती है।
हालांकि आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस कार्रवाई से सिडकुल क्षेत्र की अन्य बड़ी औद्योगिक इकाइयों में भी हड़कंप मच गया है। उद्योग जगत की नजर अब इस जांच के संभावित खुलासों पर टिकी हुई है।