हल्द्वानी। चोरगलिया थाना क्षेत्र के गजेपुर गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। प्रतिष्ठित खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल ने कथित रूप से पारिवारिक विवाद के बाद अपने घर में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात घर में किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर कमलेश मानसिक रूप से बेहद विचलित हो गए। इसी बीच उन्होंने अपने कमरे में रखी लाइसेंसी पिस्टल से स्वयं पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़े थे।
सूचना मिलते ही चोरगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, गोली सिर के दाहिने हिस्से से लगकर बाईं ओर से बाहर निकल गई, जिससे गंभीर मस्तिष्क क्षति और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर लिया है। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं, ताकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा सके। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू तनाव के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है।
कमलेश बेलवाल परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार गहरे सदमे में है। उनकी तीन वर्षीय बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।

