स्कूल न जाने पर डांट, घर से निकला 13 वर्षीय बालक—पुलिस ने कुछ घंटों में ढूंढ निकाला

देहरादून राजधानी के डालनवाला क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग के घर से अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। हालांकि उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बालक को कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम गुलजार की पुरवा, थाना कुमारगंज, जिला अयोध्या (उत्तर प्रदेश) निवासी और वर्तमान में संजय कॉलोनी, मोहिनी रोड, थाना डालनवाला में रह रहे एक व्यक्ति ने आराघर चौकी में सूचना दी कि उनका 13 वर्षीय पुत्र बिना बताए घर से चला गया है। बताया गया कि स्कूल न जाने पर उसकी मां ने उसे डांटा था, जिसके बाद वह साइकिल लेकर घर से निकल गया और देर शाम तक वापस नहीं लौटा।

परिजनों की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। कंट्रोल रूम के माध्यम से तुरंत गुमशुदगी की सूचना प्रसारित की गई और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग को डालनवाला क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि बालक नाराज होकर घर से निकल गया था। बरामदगी के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बेटे को सकुशल वापस पाकर परिवार ने राहत की सांस ली और त्वरित कार्रवाई के लिए उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.