जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर में सीमा पार से आए संदिग्ध गुब्बारों की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। सोमवार को अग्रिम क्षेत्र के गुनारा गांव में एक पेड़ पर चिपके दो गुब्बारे मिले, जिनसे विदेशी मुद्रा बंधी हुई थी।
अधिकारियों के अनुसार, सफेद और लाल रंग के हवाई जहाज के आकार वाले इन गुब्बारों में से एक पर 5,000 पाकिस्तानी रुपये का नोट और एक अमेरिकी डॉलर बंधा हुआ था। इसके अलावा गुब्बारों पर एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर और एक क्यूआर कोड भी अंकित मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ये गुब्बारे पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर हवा के साथ भारतीय क्षेत्र में पहुंचे हैं।
सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान की ओर से गुब्बारों का आना नई बात नहीं है, लेकिन पहली बार इनसे विदेशी मुद्रा बंधी मिलने से मामला गंभीर माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध गतिविधि के रूप में देख रही हैं और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले रविवार को भी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर के खेतों में गिरे 16 लाल गुब्बारे जब्त किए थे, जो पाकिस्तान की ओर से सीमा पार करके आए थे।
वहीं रविवार शाम को राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के धारियाला वन क्षेत्र में एक जंग लगा हुआ ग्रेनेड भी बरामद किया गया। हालांकि, सुरक्षा बलों ने समय रहते इसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर स्थिति को नियंत्रण में रखा।
सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से होने वाली ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या सुरक्षा बलों को दी जानी चाहिए।