गंगनहर में बढ़ती दुर्घटनाओं पर सख्ती, सुरक्षा ऑडिट और रेलिंग लगाने का फैसला

रुड़की। गंगनहर में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रुड़की में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट ने की। यह पहल भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह द्वारा दिए गए सुरक्षा संबंधी सुझावों के क्रम में की गई।

बैठक में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) के प्रोफेसर, राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञ, सेना के प्रतिनिधि, मुख्य नगर आयुक्त, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सिंचाई विभाग के सिविल इंजीनियर व वास्तुविद उपस्थित रहे। गंगनहर क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। पुलों पर सुरक्षा हार्नेस और रस्सियों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। गंगनहर क्षेत्र का समग्र सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा, जिससे संवेदनशील स्थानों की पहचान कर प्रभावी उपाय लागू किए जा सकें।

घाटों पर मजबूत रेलिंग लगाने का निर्णय लिया गया, विशेषकर उन स्थानों पर जहां जल प्रवाह कम या बंद रहता है और दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है। इसके अलावा प्रमुख स्थलों पर चेतावनी संकेतक बोर्ड, लाउडस्पीकर और जनजागरूकता अभियान चलाने की भी योजना बनाई गई है।

साथ ही आईआईटी रुड़की के सहयोग से विद्यार्थियों के बीच नवाचार प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें गंगनहर घाटों की सुरक्षा के लिए आधुनिक और तकनीकी समाधान आमंत्रित किए जाएंगे।

अक्षय प्रताप सिंह ने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुरक्षा के लिए यह महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.