सीमाओं की सुरक्षा पर बड़ा मंथन: सीएम धामी से मिले आईटीबीपी के डीजी

देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और आपदा प्रबंधन में आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे सीमावर्ती राज्य में बल का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर तैनात जवान न केवल देश की सुरक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के साथ तालमेल बनाकर विकास कार्यों में भी सहयोग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जिलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, स्वास्थ्य, संचार और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और आईटीबीपी के बीच बेहतर तालमेल से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

डीजी आईटीबीपी शत्रुजीत कपूर ने मुख्यमंत्री को सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा प्रबंध, आधुनिक उपकरणों और बल की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

यह बैठक सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.