‘मन की बात’ में खिलाड़ियों का जिक्र सुन भावुक हुईं रेखा आर्य, कही बड़ी बात

देहरादून। राजपुर विधानसभा क्षेत्र के डालनवाला मंडल में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हर संबोधन ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्र निर्माण की भावना से परिपूर्ण होता है।

रेखा आर्य ने कहा कि इस बार के कार्यक्रम में उन्हें विशेष रूप से खिलाड़ियों के प्रति प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और प्रोत्साहन बेहद प्रेरणादायक लगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने टी-20 वर्ल्ड कप का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व की विभिन्न टीमों में भारतीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। यह भारत की खेल क्षमता और वैश्विक स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा खिलाड़ियों की उपलब्धियों को याद रखते हैं और उन्हें सम्मान देते हैं, जिससे युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव का विषय है और सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा केरल की एक बालिका के अंगदान की प्रेरक घटना का जिक्र भी किया गया। इस प्रसंग को याद करते हुए रेखा आर्य ने कहा कि ऐसी कहानियां समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती हैं। अंगदान जैसे निर्णय न केवल कई जिंदगियां बचाते हैं, बल्कि समाज को नई दिशा भी देते हैं।

उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.