देहरादून में पूर्व सैनिकों का भाजपा पर भरोसा, एक साथ थामी सदस्यता

देहरादून में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। राजधानी के बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में पहुंचे इन पूर्व सैनिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति पर विश्वास जताते हुए भाजपा से जुड़ने का निर्णय लिया।

पार्टी कार्यालय में उपस्थित प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने सभी पूर्व सैनिकों से बातचीत कर उन्हें संगठन की रीति-नीति और विचारधारा की जानकारी दी। इसके बाद सभी को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक सदस्यता दिलाई गई।

नवांगतुक सदस्यों का स्वागत करते हुए कुंदन परिहार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा को आत्मसात करने वाली पार्टी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और अनुशासन संगठन को और सशक्त बनाएगा।

पार्टी में शामिल हुए पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व गति से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल विकास की रफ्तार को धीमा करने और देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रहित सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने भाजपा का दामन थामा है।

सदस्यता ग्रहण करने वालों में ऑनरेरी कैप्टन अजय रावत, कैप्टन बचन सिंह रावत, कैप्टन चंदन सिंह, कैप्टन मदन सिंह गोसाई, सूबेदार दिलीप सिंह राणा, हवलदार श्याम पंवार, महिपाल सिंह, रंजन चतुर्वेदी, जगत सिंह पुंडीर, विक्रम सिंह, विनोद अवस्थी और भगत सिंह राणा सहित अनेक पूर्व सैनिक शामिल रहे।

इस सामूहिक सदस्यता कार्यक्रम को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.