After Header-1

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात ‘अरनब’, 84 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे

विजयवाड़ा/कोलकाता/चेन्नई, 28 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ ने बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में दस्तक दी। यानम-काकीनाडा के आसपास शुरू हुई लैंडफॉल की प्रक्रिया के दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि हवा के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई। तूफान के कारण उत्तरी आंध्र प्रदेश में भारी बारिश, जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें हैं। मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

84 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के अनुसार, राज्य में 84 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने 2,199 चक्रवात आश्रय स्थलों को चिन्हित किया है। इसके अलावा 2,360 गर्भवती महिलाओं को चिकित्सा सुविधाओं में स्थानांतरित किया गया है। राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की 12 और एसडीआरएफ की 10 टीमें तैनात की गई हैं।

विशाखापत्तनम सहित कई इलाकों में पेड़ गिरने और जलभराव की सूचना है। एहतियात के तौर पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

कोलकाता एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट

चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को तेज हवाओं, आंधी और गरज के साथ बारिश की आशंका जताई है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने प्रभावित हो सकने वाले हवाई अड्डों की तैयारियों की समीक्षा की है। कोलकाता एयरपोर्ट की परिचालन टीम और एयर ट्रैफिक कंट्रोल विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। पार्किंग बे में खड़े विमानों और बाहर मौजूद उपकरणों को तेज हवाओं से बचाने के लिए सुरक्षित किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर विमानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ने की योजना भी तैयार है।

चेन्नई में 12 उड़ानें रद्द

तूफान का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। चेन्नई हवाई अड्डे पर बुधवार को आने-जाने वाली कुल 12 उड़ानें रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है। इनमें विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और राजमुंदरी के लिए जाने वाली इंडिगो की छह उड़ानें तथा इन शहरों से चेन्नई आने वाली छह उड़ानें शामिल हैं।

उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एयरलाइन और हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है।

ओडिशा में भी एहतियाती कदम

चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा के 16 जिलों में स्कूल बंद किए गए हैं और निकासी अभियान चलाया जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तट पार करने के बाद भी कुछ समय तक तेज हवाएं और भारी बारिश जारी रह सकती हैं।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.