‘ज्ञान की गंगा संस्कृत है’—सीएम धामी ने छात्रवृत्ति वितरण के साथ किए बड़े ऐलान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित संस्कृत छात्र प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने गार्गी बालिका संस्कृत छात्रवृत्ति तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति/जनजाति संस्कृत छात्रवृत्ति के तहत विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगी परीक्षा स्वाध्याय केंद्र और ई-संस्कृत संभाषण शिविर का वर्चुअल शुभारंभ तथा उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका ‘संस्कृत वार्ता’ का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान केवल ऊंचे पर्वतों और ऐतिहासिक मंदिरों से नहीं, बल्कि देववाणी संस्कृत से भी है। वेद, उपनिषद, रामायण, महाभारत, आयुर्वेद, खगोलशास्त्र और दर्शनशास्त्र जैसे ज्ञान के स्रोत संस्कृत में निहित हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल अतीत की भाषा नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं की आधारशिला है।

उन्होंने संस्कृत के वैज्ञानिक व्याकरण की चर्चा करते हुए पाणिनि द्वारा रचित ‘अष्टाध्यायी’ का उल्लेख किया, जो आज भी विश्व के भाषाविदों के लिए शोध का विषय है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में संस्कृत की वैज्ञानिकता पर शोध कार्य चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य हो रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में संस्कृत को आधुनिक और व्यवहारिक भाषा के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए गए हैं। एआई तकनीक के माध्यम से संस्कृत ग्रंथों को डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में संस्कृत को द्वितीय राजभाषा का दर्जा दिया गया है और सभी जनपदों में आदर्श संस्कृत ग्राम स्थापित किए गए हैं। राज्य में पहली बार ‘गार्गी संस्कृत बालिका छात्रवृत्ति योजना’ प्रारंभ की गई है।

कार्यक्रम में संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार संस्कृत शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, खजान दास, सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार, कुलपति प्रो. रमाकांत पाण्डेय और निदेशक कंचन देवराड़ी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.