रुड़की। इमलीखेड़ा में आयोजित विशाल दंगल प्रतियोगिता में युवा भाजपा नेता, वरिष्ठ समाजसेवी एवं फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन इंजीनियर चैरब जैन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने दंगल का उद्घाटन करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है और खेल इसके लिए महत्वपूर्ण आधार हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों से निकलने वाले खिलाड़ी और पहलवान देश के गौरव होते हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि युवा पीढ़ी में नई चेतना और जागरूकता का संचार भी होता है। जैन ने कहा कि सरकार युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए विशेष पैकेज प्रदान कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण गांवों से निकलकर कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। युवाओं को खेलों से जोड़ना उन्हें नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, जुनैद मालिक, राजा, शिवा स्नेही, सत्यम कुमार, पप्पू कश्यप और अरुण पाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने दंगल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इंजीनियर चैरब जैन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिल सके।