एसएसबी स्थापना दिवस पर वीर जवान सम्मानित, महानिदेशक सिल्वर डिस्क से बढ़ा मान

रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल के सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में 15वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बल के शौर्य, समर्पण और अनुशासन की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कार्यकारी महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार ने शहीदों को नमन करते हुए बल के अधिकारियों और कार्मिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने सीमांत मुख्यालय की पिछले एक वर्ष की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बल ने ‘सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व’ के मूल मंत्र को पूरी निष्ठा के साथ निभाया है। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी बल की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है।

इस अवसर पर उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले चयनित कार्मिकों को महानिदेशक सिल्वर डिस्क एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी वाहिनी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान जवानों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर कमांडेंट डॉ. जे.के. शर्मा, देबासिस पाल, द्वितीय कमान अधिकारी कुमार सुंदरम, उप कमांडेंट प्रभाकर, सहायक कमांडेंट संजीव डिमरी, राहुल कुमार राय, अधिशासी अभियंता जसवीर सिंह सहित अधीनस्थ अधिकारी, बल कार्मिक एवं संदीक्षा परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.