रुड़की। देवबंद की बाल्मीकि बस्ती की युवा प्रतिभा मेघा तेश्वर के उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में पंजीकृत होने पर उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं और युवा वकीलों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता जमाल साबरी, जो सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त सचिव और राष्ट्रीय संयुक्त अधिवक्ता मंच के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं, ने कहा कि देवबंद के बाल्मीकि समाज की बेटी ने परिवार के आशीर्वाद और अपनी कड़ी मेहनत से कानून की पढ़ाई पूरी कर समाज के लिए प्रेरणा का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल में पंजीकरण के बाद मेघा तेश्वर आधिकारिक रूप से अधिवक्ता बन गई हैं और उनसे अपेक्षा है कि वे समाज के सभी वर्गों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
राम किशन सैनी अधिवक्ता, डॉ. शाजिया नाज एडवोकेट और अब्दुल रहमान अधिवक्ता ने भी मेघा की उपलब्धि को समाज के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेघा ने जो सफलता हासिल की है, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर रूमन लांबा, अंकित शुक्ला, जुनैद, साकिब और सुमैया सहित कई अधिवक्ताओं व समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। समारोह का माहौल उत्साह और खुशी से भरा रहा।
मेघा तेश्वर की इस उपलब्धि को बाल्मीकि समाज ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया जा रहा है। लोगों ने विश्वास जताया कि वे अपने पेशे में उत्कृष्टता हासिल कर समाज में न्याय और समानता की भावना को मजबूत करेंगी।