रुद्रपुर के तीनपानी डेम को मिली नई जिंदगी, 1.74 करोड़ की स्वीकृति से बदलेगी तस्वीर

रुद्रपुर।  शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। फुलसूंगा वार्ड-1 स्थित तीनपानी डेम के पुनर्निर्माण के लिए शासन ने 174.81 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 104.89 लाख रुपये की पहली किश्त भी जारी कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिलने पर महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।

गौरतलब है कि तीनपानी डेम पर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण बरसात के दौरान पानी ओवरफ्लो हो जाता था, जिससे आसपास की कई कॉलोनियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। लोगों को आवागमन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। डेम के पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

बीते मानसून के दौरान महापौर विकास शर्मा ने खटीमा में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे।

स्वीकृत धनराशि से डेम पर नया पुल बनाया जाएगा, साथ ही डेम का चैनलाइजेशन किया जाएगा। सड़क को भी करीब साढ़े सात मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि कार्य शीघ्र शुरू होगा और क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.