कालसी के दूरस्थ गांव में लगा विशेष शिविर, 447 ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ

देहरादून।  दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा विशेष अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” प्रभावी साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित इस अभियान के तहत बुधवार को देहरादून जिला प्रशासन ने कालसी ब्लॉक के दूरस्थ न्याय पंचायत उद्पाल्टा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया। कुल 447 ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला, जिससे क्षेत्रवासियों में संतोष दिखाई दिया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा ने शिविर में जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

एडीएम ने स्पष्ट कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन को राहत देना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख सावित्री चौहान, जिला पंचायत सदस्य रेखा नेगी, उप जिलाधिकारी प्रेम लाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज नौडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.