‘सदैव दून’ से बदलेगी शहर की कार्यप्रणाली, स्मार्ट सिटी मॉड्यूल्स पर विशेष प्रशिक्षण

देहरादून।पारदर्शी और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने एक अहम कदम उठाया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में दून इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (डीआईसीसी) “सदैव दून” के अंतर्गत विकसित सॉफ्टवेयर मॉड्यूल्स और स्मार्ट समाधानों के प्रभावी उपयोग को लेकर परेड ग्राउंड स्थित दून लाइब्रेरी सभागार में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला की अध्यक्षता अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी तीर्थपाल सिंह ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर डिजिटल मॉड्यूल्स की कार्यप्रणाली को समझा।

अधिकारियों ने बताया कि डीआईसीसी “सदैव दून” केवल तकनीकी अवसंरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है। कोविड काल से लेकर अब तक यह सेंटर बहुउपयोगी साबित हुआ है, जिससे अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और आपात सेवाओं में तेजी आई है।

कार्यशाला में ई-गवर्नेंस, जीआईएस, डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसे सॉफ्टवेयर मॉड्यूल्स पर विस्तार से जानकारी दी गई। परियोजना के तहत डेटा सेंटर, इंटेलीजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम, सीसीटीवी नेटवर्क, वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले, पर्यावरण सेंसर, इमरजेंसी कॉल बॉक्स और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी स्मार्ट सुविधाएं विकसित की गई हैं।

साथ ही “दून-1” सिटीजन ग्रीवेंस एप और स्मार्ट सिटी वेब पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। 15 मार्च 2022 से संचालित यह परियोजना वर्तमान में सिटी पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ और अन्य विभागों द्वारा उपयोग में लाई जा रही है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.