देहरादून में बढ़ते अपराध पर उबाल, एनएसयूआई करेगा पुलिस मुख्यालय का घेराव

देहरादून। राजधानी में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में एनएसयूआई ने उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यह प्रदर्शन डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज देहरादून के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।

एनएसयूआई का आरोप है कि देहरादून में हत्या, लूट, चोरी और नशा तस्करी जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इन घटनाओं से आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं में भय का वातावरण बन गया है। संगठन का कहना है कि पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार अपराध नियंत्रण में प्रभावी कार्रवाई करने में असफल साबित हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई और राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस एवं दीर्घकालिक योजना लागू करने की मांग करेंगे। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।

एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि उनका लक्ष्य उत्तराखंड को भयमुक्त और अपराधमुक्त राज्य बनाना है।

इस अवसर पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु रावत, प्रदेश सचिव मुकेश बसेड़ा, नितिन नेगी, डीबीएस (पीजी) कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष हर्ष राणा, विधानसभा अध्यक्ष बकुल मखीजा सहित कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को लेकर छात्र संगठनों में भी सक्रियता देखी जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.