देहरादून। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की मिसाल पेश करते हुए वसंत विहार निवासी सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान दिया है। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के जहरिखाल निवासी ब्रिगेडियर जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें चेक भेंट किया।
ब्रिगेडियर जोशी द्वारा दी गई यह धनराशि राज्य में पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग तथा आपदा प्रभावित गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका में सहायता के उद्देश्य से प्रदान की गई है। उनका कहना है कि समाज ने उन्हें जो सम्मान और अवसर दिए हैं, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह एक छोटा सा प्रयास है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सराहनीय पहल के लिए ब्रिगेडियर जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक अनुभवी सैन्य अधिकारी का यह योगदान राज्य के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक कदम समाज के अन्य सक्षम लोगों को भी आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आपदा के समय सरकार के साथ-साथ समाज के जागरूक नागरिकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। राहत कोष में प्राप्त सहयोग से जरूरतमंद परिवारों और बच्चों को शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर एच.के. जोशी की पुत्री शानू जोशी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक दायित्व और मानवीय संवेदनाओं पर विशेष चर्चा हुई। ब्रिगेडियर जोशी की यह पहल राज्य में सेवा और समर्पण की प्रेरक मिसाल के रूप में देखी जा रही है।

