After Header-1

64 करोड़ के सिटी सेंटर को मिली हरी झंडी, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश

300×250 ADS-1

देहरादून। प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार करते हुए उन्हें वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए तय समय-सीमा निर्धारित की जाए और कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि आम जनता को दीर्घकालिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

300×600 ADS-2

बैठक में जनपद चम्पावत के रोडवेज स्टेशन परिसर में लगभग 64.94 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुसज्जित स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लैक्स निर्माण के प्रस्ताव को संस्तुति प्रदान की गई। मुख्य सचिव ने इस परियोजना का नाम “सिटी सेंटर चम्पावत” रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परिसर में यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही स्थानीय उत्पादों के विपणन की व्यवस्था और रोडवेज बसों के साथ टैक्सी पार्किंग की सुविधा भी विकसित की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और आम जनता को अधिक लाभ मिल सके।

इसके अतिरिक्त, जनपद टिहरी गढ़वाल के टिहरी मुख्यालय स्थित माल रोड क्षेत्र में फसाड कार्य, रेलिंग, पाथवे, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक शौचालय निर्माण जैसे कार्यों के लिए 11.25 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। मुख्य सचिव ने कहा कि इन कार्यों से टिहरी नगर की सुंदरता बढ़ेगी और पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

बैठक में सचिव नितेश झा, डॉ. पंकज कुमार पांडे, डॉ. आर. राजेश कुमार, वी. षणमुगम, विशेष सचिव अजय मिश्रा, मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.