औली, विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा केंद्र औली एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के रोमांचक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। उत्तराखंड के चमोली जिले स्थित औली में 13 से 16 फरवरी तक राष्ट्रीय स्कीइंग चैम्पियनशिप और औली विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित आयोजन विश्व स्तरीय “नंदा देवी स्कीइंग स्लोप” पर ही संपन्न होगा।
हालांकि हाल के दिनों में बर्फ की कमी को देखते हुए प्रतियोगिताओं को रोपवे के दस नंबर टावर के समीप स्थित स्लोप पर कराने पर विचार किया गया था, लेकिन अब मुख्य नंदा देवी स्कीइंग स्लोप को ही पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने स्लोप का विस्तृत सर्वेक्षण कर इसे सुरक्षित और उपयुक्त घोषित किया है।
स्की माउंटेनियरिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट ने जानकारी दी कि अल्पाइन स्कीइंग और स्नोबोर्ड प्रतियोगिताएं मुख्य स्लोप पर आयोजित होंगी। वहीं वर्टिकल और स्प्रिंट श्रेणी की प्रतियोगिताएं दस नंबर टावर वाले स्लोप पर कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त सुनील गांव से औली तक तीन किलोमीटर लंबी मैराथन और स्नो शूइंग प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
राष्ट्रीय स्कीइंग चैम्पियनशिप और औली विंटर कार्निवाल का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
औली का यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को भी नई पहचान प्रदान करेगा। प्रशासन और आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।