देहरादून।पवेलियन ग्राउंड में चल रहे **तृतीय द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट** में गुरुवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। दून वैली की ओर से साहिल के शानदार प्रदर्शन ने मैच का रुख पलट दिया और टीम ने स्पोर्ट्स हॉस्टल को 4-3 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में दून वैली और स्पोर्ट्स हॉस्टल के बीच मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। मैच की शुरुआत से ही दून वैली ने आक्रामक खेल दिखाया। खेल के तीसरे ही मिनट में फॉरवर्ड **अल जैली** ने गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि स्पोर्ट्स हॉस्टल ने भी वापसी करते हुए 20वें मिनट में **अमन नेगी** के गोल से स्कोर 1-1 कर दिया।
इसके बाद मैदान पर **साहिल शो** देखने को मिला। 31वें और 33वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर साहिल ने दून वैली को 3-1 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर के बाद स्पोर्ट्स हॉस्टल ने दबाव बनाया और 54वें मिनट में **राहुल भट्ट** ने गोल कर अंतर 3-2 कर दिया। लेकिन 68वें मिनट में साहिल ने एक और शानदार गोल दागते हुए अपनी **हैट्रिक पूरी की** और स्कोर 4-2 कर दिया। अंतिम क्षणों में राहुल भट्ट ने एक और गोल कर स्कोर 4-3 किया, लेकिन दून वैली ने बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। साहिल को **मैन ऑफ द मैच** चुना गया।
चौथे क्वार्टर फाइनल में **सिटी यंग्स** और **ग्राफिक एरा एफसी** के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने कई अवसर बनाए, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। निर्धारित समय तक स्कोर 0-0 रहा। इसके बाद टाईब्रेकर में ग्राफिक एरा एफसी ने 4-3 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। शानदार गोलकीपिंग के लिए ग्राफिक एरा एफसी के **गोलकीपर ब्यूटरश** को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शुक्रवार को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में **दून चैलेंजर बनाम दून वैली** तथा **ग्राफिक एरा एफसी बनाम 6 बिहार रेजिमेंट** आमने-सामने होंगी।