क्रिकेट लीग या ठगी का जाल? हल्द्वानी में टूर्नामेंट के नाम पर लाखों की उगाही

हल्द्वानी।क्रिकेट प्रेमियों और निवेशकों के लिए आकर्षण बनकर सामने आया **ईवीसीएल क्रिकेट टूर्नामेंट** अब एक बड़े फर्जीवाड़े की कहानी बनता नजर आ रहा है। गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित इस टूर्नामेंट को लेकर आयोजक पर **कई राज्यों के लोगों से लाखों रुपये की ठगी** का गंभीर आरोप लगा है। हैरानी की बात यह है कि इस कथित ठगी के शिकारों में **हल्द्वानी के एक प्रमुख व्यवसायी और पूर्व विधायक** का नाम भी सामने आ रहा है।

आरोप है कि टूर्नामेंट के आयोजक **विकास ढाका** ने ईवीसीएल के नाम पर एक भव्य क्रिकेट लीग कराने का दावा किया। टीम मालिक बनाने, ब्रांड प्रमोशन, विज्ञापन और आयोजन की तैयारियों के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूली गई। आयोजक ने दावा किया था कि **3 फरवरी से गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मैच शुरू होंगे**, लेकिन न तो टूर्नामेंट की कोई आधिकारिक अनुमति सार्वजनिक हुई और न ही मैदान पर किसी प्रकार की ठोस तैयारियां दिखाई दीं।

पीड़ितों का कहना है कि शुरुआत में बड़े-बड़े दावे किए गए और राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का भरोसा दिलाया गया। जैसे-जैसे समय बीतता गया, आयोजन को लेकर केवल बहाने बनाए जाते रहे। जब संदेह गहराया तो कथित टीम मालिकों और निवेशकों ने पूरे मामले की **पुलिस कप्तान डॉ. मंजुनाथ टी.सी.** से लिखित शिकायत की।

शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजक विकास ढाका को एक होटल से **पूछताछ के लिए हिरासत में** ले लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस पूरे गोरखधंधे में कितने लोगों से कितनी धनराशि वसूली गई और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।

फिलहाल पुलिस विभिन्न दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और आयोजक से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि **जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई** की जाएगी। इस मामले ने खेल आयोजनों के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.