सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले– अब आपके कंधों पर राज्य का भविष्य

देहरादून।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 1035 सहायक अध्यापकों (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से उत्तराखंड के भविष्य को गढ़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र निर्माण का शिल्पकार होता है। जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, नैतिक और संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वह न केवल अपना जीवन संवारता है, बल्कि समाज को भी एक नई दिशा देता है। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराएं।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है और शिक्षकों के प्रशिक्षण तथा कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। यह केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि युवाओं के आत्मसम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में जितनी सरकारी नौकरियां दी गई हैं, वह राज्य गठन के बाद पूर्ववर्ती सरकारों के मुकाबले दोगुनी से भी अधिक हैं। सरकार युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में शिक्षा विभाग में 11 हजार 500 से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 3 हजार 500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.