मनरेगा से आगे की तैयारी! नई टिहरी में मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ में क्या हुआ खास

टिहरी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून के तत्वावधान में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार, नई टिहरी में ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ विषय पर मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम से जुड़े प्रावधानों, लाभों और क्रियान्वयन की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाना रहा।

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक टिहरी श्री किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल श्रीमती नितिका खंडेलवाल, सहायक निदेशक पीआईबी श्री संजीव सुंद्रियाल, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई श्री अविनाश सैनी सहित जनपद के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए रोजगार और आय सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम के तहत रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ टिकाऊ ग्रामीण अवसंरचना के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है।

उन्होंने जल सुरक्षा, ग्रामीण सड़कों, आजीविका आधारित अधोसंरचना, नेटवर्क कनेक्टिविटी और चरम मौसम से निपटने वाले कार्यों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही कार्यशाला में प्राप्त सुझावों और जमीनी समस्याओं को केंद्र एवं राज्य सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने कहा कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन के क्रियान्वयन में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं को शासन स्तर पर रखा जाएगा, ताकि योजना का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने मीडिया से योजनाओं की सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा जताई।

सहायक निदेशक पीआईबी संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि इस अधिनियम के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार गारंटी को बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है, जिससे आय सुरक्षा और मजबूत होगी। वहीं जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि यह एकमात्र योजना है, जिसमें अकुशल श्रमिकों को भी रोजगार की कानूनी गारंटी मिलती है।

कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र दुमोगा ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.