ध्वजारोहण से शहीदों के बलिदान तक, रुड़की प्रेस क्लब में गूंजा देशभक्ति का स्वर

रुड़की।

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर प्रेस क्लब महानगर रुड़की (रजि०) के कार्यालय में देशभक्ति और गरिमा से ओत-प्रोत वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल और प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके उपरांत राष्ट्रगान हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों को मिठाई वितरित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सम्मान की प्रेरणा देता है। उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र में निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

देशराज कर्णवाल ने स्वतंत्रता संग्राम को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1947 से पहले अंग्रेजों के खिलाफ देश के अमर शहीदों ने अपार बलिदान दिए। न जाने कितनी माताओं की गोद उजड़ गई और कितनी बहनों का सुहाग मिट गया, लेकिन देशवासियों ने आजादी की लड़ाई से कभी कदम पीछे नहीं खींचे। उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है और देश की बेटियां भी हर क्षेत्र में अपनी वीरता और सामर्थ्य का परिचय दे रही हैं।

प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज की आवाज बनकर सच्चाई को सामने लाने का कार्य करते हैं। प्रेस क्लब महानगर रुड़की सदैव पत्रकार हितों की रक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

वरिष्ठ पत्रकार चौधरी अनवर राणा, मनोज अग्रवाल और असलम अंसारी ने कहा कि संविधान और पत्रकारिता दोनों का उद्देश्य जनहित की रक्षा करना और सत्य के पक्ष में मजबूती से खड़ा होना है।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी और प्रवेज आलम ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महामंत्री मोनू शर्मा, सचिव सलमान मलिक, कोषाध्यक्ष शहजाद राजपूत सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.