After Header-1

पूर्वोत्तर से बिहार तक रेल कनेक्टिविटी को बूस्ट, किन स्टेशनों पर रुकेगी आपकी ट्रेन?

गुवाहाटी।

यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अंतर्गत असम, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुल 82 स्टेशनों पर विभिन्न ट्रेनों के 202 अतिरिक्त ठहराव को मंजूरी दी गई है। यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर शुरू किए जाएंगे, जिन्हें यात्रियों की प्रतिक्रिया और परिचालन व्यवहार्यता के आधार पर स्थायी किया जाएगा।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल से न केवल आम यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी को भी नया बल मिलेगा। इस योजना के तहत कई प्रीमियम और महत्वपूर्ण ट्रेनों को अतिरिक्त स्टॉपेज दिए गए हैं।

प्रमुख ट्रेनों में न्यू जलपाईगुड़ी–गुवाहाटी वंदे भारत एक्सप्रेस को रंगिया स्टेशन पर ठहराव दिया गया है। वहीं आनंद विहार–अगरतला राजधानी एक्सप्रेस अब न्यू हाफ्लोंग और न्यू कोचबिहार में रुकेगी। इसी प्रकार न्यू दिल्ली–डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस को धेमाजी, शिवसागर टाउन और बिश्वनाथ चारिआली में ठहराव मिलेगा। इसके अलावा कोलकाता–सिलघाट, गुवाहाटी–सिलघाट एक्सप्रेस सहित कई अन्य प्रमुख ट्रेनों को भी अतिरिक्त स्टॉपेज प्रदान किए गए हैं।

रेलवे द्वारा जिन स्टेशनों को इस योजना में शामिल किया गया है, उनमें रंगिया, नलबाड़ी, बरपेटा रोड, ग्वालपाड़ा टाउन, कोकराझाड़, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरदुआर, धेमाजी, शिवसागर टाउन, होजाई, बिश्वनाथ चारिआली, बागडोगरा, डालखोला, न्यू माल जंक्शन और आलुआबाड़ी रोड जैसे स्टेशन प्रमुख हैं।

इन अतिरिक्त ठहरावों से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को बड़े जंक्शन स्टेशनों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही लंबी दूरी की प्रीमियम ट्रेनों से बेहतर कनेक्शन उपलब्ध होगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ये ठहराव आगामी सप्ताहों में चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाएंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ प्रणाली से नवीनतम समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। 🚆📍

Leave A Reply

Your email address will not be published.