जुझारू नेता को अंतिम नमन: दिल्ली प्रेस क्लब में बलवीर सिंह नेगी को श्रद्धांजलि

दिल्ली।

टिहरी के पूर्व विधायक स्वर्गीय बलवीर सिंह नेगी को बुधवार को दिल्ली के प्रेस क्लब में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में भावपूर्ण स्मरण किया गया। बैठक में उत्तराखंड से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं ने उन्हें एक ईमानदार, जुझारू और जनसरोकारों से जुड़ा हुआ नेता बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने की। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय बलवीर सिंह नेगी के राजनीतिक जीवन और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वे प्रदेश की राजनीति में साफ-सुथरी छवि और जनहित के लिए समर्पित नेता के रूप में जाने जाते थे। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि बलवीर सिंह नेगी महान नेता स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के प्रमुख शिष्यों में से एक थे और उन्होंने उनके विचारों को अपने राजनीतिक जीवन में आत्मसात किया।

उन्होंने कहा कि यदि उनके विधानसभा क्षेत्र में कुछ शरारती तत्वों द्वारा चुनावी हेराफेरी नहीं की गई होती, तो बलवीर सिंह नेगी लंबे समय तक विधायक रहते और क्षेत्र की जनता की सेवा करते रहते। उन्होंने कहा कि नेगी जी का जीवन ईमानदारी, सादगी और जनसेवा का उदाहरण है, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार देव सिंह रावत, सुरेश नौटियाल, व्योमेश जुगराण, श्रीकांत भाटिया, राजेश्वर पैन्युली, लक्ष्मण रावत, विजय सती, अतुल सचदेवा, राज ठाकुर, सुनील नेगी और अनिल पत ने भी स्वर्गीय नेगी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि बलवीर सिंह नेगी हमेशा आम आदमी की आवाज बने रहे और उन्होंने पहाड़, पलायन, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की राजनीति में ऐसे ईमानदार और प्रतिबद्ध नेताओं की कमी खलती है। स्वर्गीय बलवीर सिंह नेगी का निधन न केवल टिहरी बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.