उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में रामपुर रोड पर रविवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। जज फार्म निवासी एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस हत्या का आरोप भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं निगम पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू पर लगा है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पार्षद को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जज फार्म निवासी नितिन लोहनी रविवार रात पार्षद अमित बिष्ट से मिलने उसके आवास पर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि पार्षद ने नितिन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। आरोपित पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से पार्षद की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है, जिससे गोली चलाए जाने की पुष्टि हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे कुछ दिन पहले हुआ आपसी विवाद कारण हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। वारदात के बाद रामपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित पार्षद पूर्व में भी कई विवादों और मारपीट के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। बताया जा रहा है कि इसी पार्षद से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर पूर्व में विधायक बंशीधर भगत को कोतवाली परिसर के बाहर धरना तक देना पड़ा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।