हरिद्वार के गांव में खूनी संघर्ष, लाठीचार्ज के बाद काबू में आई स्थिति

हरिद्वार जनपद के पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बोड़ाहेड़ी में रविवार को पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और फिर पथराव में बदल गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों की ओर से जमकर हुई पत्थरबाजी में कुल छह लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही उग्र हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। गांव की सड़क पर चारों ओर पत्थर बिखर गए और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस कार्रवाई के बाद कई लोग मौके से फरार हो गए।

इस हिंसक झड़प में घायल हुए छह लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों—अब्दुल जब्बार उर्फ मानू पुत्र सुलेमान और मुसर्रत पुत्र इब्राहिम, निवासी ग्राम बोड़ाहेड़ी—को हिरासत में लिया है। दोनों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें गांव की सड़क ईंट-पत्थरों से पटी हुई साफ दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.