आपत्तिजनक बयान पर उबाल: कांग्रेस ने फूंका पुतला, मंत्री रेखा आर्य से इस्तीफे की मांग

पिथौरागढ़। उत्तराखंड में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है। धारचूला के गांधी चौक में कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में किया गया।

कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष नंदा बिष्ट ने कहा कि मंत्री के पति द्वारा बिहार की महिलाओं को लेकर दिया गया बयान न केवल बेहद शर्मनाक है, बल्कि यह देशभर की महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि “बिहार की लड़कियां 20–25 हजार में मिल जाती हैं” जैसे शब्द किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकते। इस तरह के बयान महिलाओं की गरिमा, आत्मसम्मान और सुरक्षा पर गहरा आघात पहुंचाते हैं।

नंदा बिष्ट ने कहा कि जब एक मंत्री के परिवार से जुड़े व्यक्ति इस तरह की मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं, तो यह सरकार की सोच को भी दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्री रेखा आर्य को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करने वाली सरकार ऐसे मामलों में चुप्पी साधे हुए है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में महिला उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार गंभीरता से कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि “गट्टू-बट्टू” जैसे वीआईपी खुलेआम घूम रहे हैं और आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की लापरवाही साफ दिखाई देती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई और राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस विरोध प्रदर्शन में नंदा बिष्ट के साथ विनीता खुन्नू, प्रेमा कुटियाल, ललिता गर्व्याल, देवकी गर्ब्याल, शांति सीपा, शीला हयांकि, सरीता, ओम प्रकाश वर्मा, भूपेंद्र थापा, जीतू वर्मा, सौरभ मर्तोलिया, अमर भट्ट, संजीव साहनी, बलवंत गुंज्याल, पंकज वर्मा, हिमांशु ह्याकी, आदित्य धामी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.