पुलिस सिपाही के भरोसे 34 लाख की ठगी, युवती समेत दो पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस प्रकरण में छह से अधिक लोगों से करीब 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। हैरानी की बात यह है कि ठगी का शिकार हुए लोगों ने एक पुलिस सिपाही के परिचित होने के कारण आरोपियों पर भरोसा किया था। अब उसी सिपाही की शिकायत पर युवती समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मंगलौर क्षेत्र के हरचंदपुर निवासी नितिन कुमार, जो उत्तराखंड पुलिस में सिपाही हैं, ने कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनके मित्र अमित सैनी के माध्यम से उनकी मुलाकात विनय सैनी निवासी इस्माइलपुर, सुल्तानपुर लक्सर से हुई थी। विनय सैनी के साथ अक्सर विनीका सैनी नाम की युवती रहती थी, जिसे उसने अपनी मंगेतर बताया। दोनों ने दावा किया कि रुड़की में उनका प्लेसमेंट सेंटर है और वे बेरोजगारों को नौकरी दिलाते हैं।

इन बातों पर विश्वास कर नितिन कुमार ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों को उनसे मिलवाया। आरोप है कि विनय और विनीका ने अलग-अलग लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये वसूले। इनमें देहरादून, डोईवाला और सहारनपुर के युवक-युवतियां शामिल हैं। आरोपियों ने पीड़ितों को आईआईटी रुड़की बुलाकर इंटरव्यू भी कराया और जॉइनिंग लेटर दिए, जो बाद में फर्जी निकले।

जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.