अब शिकायत सीधे प्रशासन तक: एक कॉल पर होगी स्वच्छता समस्या का समाधान

हरिद्वार जनपद में चल रहे वृहद स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विकास भवन परिसर में एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है, जो स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कार्य करेगा।

इस कंट्रोल रूम के माध्यम से अब आम नागरिक सीधे अपनी शिकायत, समस्या या सुझाव प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम के सफल संचालन के लिए कर्मचारियों की रोस्टरवार ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नागरिक मोबाइल नंबर **8273371714** पर कॉल कर या अपनी बात दर्ज करवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी के रूप में सीएम त्रिपाठी, स्वजल को नामित किया गया है, जबकि इसकी नियमित मॉनिटरिंग जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश द्वारा की जाएगी। इस नंबर पर प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों को कंट्रोल रूम में दर्ज कर संबंधित विभागों को तत्काल भेजा जाएगा।

शहर क्षेत्र से संबंधित स्वच्छता शिकायतें नगर निगम और अन्य जिम्मेदार विभागों को भेजी जाएंगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को ब्लॉक स्तर से लेकर जिला पंचायत और संबंधित ग्राम पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे मौके पर जाकर शीघ्र कार्रवाई करें।

प्रशासन का मानना है कि इस कंट्रोल रूम के माध्यम से स्वच्छता अभियान को निरंतर और प्रभावी बनाए रखने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा शुरू किया गया यह वृहद स्वच्छता अभियान जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है और कंट्रोल रूम इसकी निगरानी व मजबूती का एक अहम माध्यम बनेगा।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी कंट्रोल रूम तक जरूर पहुंचाएं, ताकि हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.