तीन साल के बच्चे के अपहरण का खुलासा, मुठभेड़ में घायल बदमाश गिरफ्तार

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस ने तीन वर्षीय मासूम के अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। उभांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। राहत की बात यह है कि अपहृत बच्चा पहले ही सकुशल बरामद कर लिया गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश शुक्ला ने मंगलवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उभांव पुलिस टीम सोमवार रात करीब साढ़े बारह बजे साहूनपुर इलाके में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदागांव एकसार पिपरौली निवासी मो. जैद उर्फ सलमान के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि 11 दिसंबर को उसी ने अपने गांव के तीन वर्षीय बच्चे मो. फुजैल अहमद का अपहरण किया था। अपहरण की घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। एएसपी ने बताया कि घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया था, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए थे।

सोमवार देर रात मिली इस सफलता के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। घायल बदमाश सलमान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.