देहरादून।प्रदेश की प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए सरकार अब व्यापक स्तर पर रणनीति तैयार कर रही है। राज्य के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा स्थित सभाकक्ष में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पैक्स समितियों के लिए ठोस बिजनेस प्लान तैयार किया जाए और इन्हें ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ के रूप में विकसित किया जाए।
डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश की कुल 670 पैक्स समितियों में से अभी तक 125 को ई-पैक्स में परिवर्तित किया जा चुका है। ये ई-पैक्स ग्रामीणों और किसानों को डिजिटल माध्यम से लोन, वित्तीय सेवाएँ और अन्य सहकारी योजनाओं के लाभ उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने कहा कि ई-पैक्स मॉडल से किसानों को सुविधाएँ बढ़ी हैं और समितियों की आमदनी में भी वृद्धि देखने को मिली है। इसी मॉडल को आगे बढ़ाते हुए सभी पैक्स का शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण अनिवार्य किया गया है।
सहकारिता मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पैक्स समिति में अकाउंटेंट-कम-डाटा ऑपरेटर की नियुक्ति की जाए, ताकि डिजिटल सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से हो सके। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों को पैक्स समितियों से जोड़े जाने का निर्णय भी लिया गया है, जिससे इन समितियों की आय बढ़ेगी और संचालन अधिक मजबूत होगा।
बैठक में डॉ. रावत ने अधिकारियों को पैक्स समितियों को आधुनिक स्वरूप देने, सेवाओं का विस्तार करने और इन्हें किसानों के लिए भरोसेमंद संस्था बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत पैक्स न केवल किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेंगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।
अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सहकारी मेलों पर भी अहम चर्चा हुई। डॉ. रावत ने कहा कि सहकारी मेले 25 जनवरी से पहले आयोजित कर दिए जाएँ ताकि अधिक से अधिक लोग सहकारिता आंदोलन से जुड़ सकें। उन्होंने अब तक हुए मेलों के सफल आयोजन की सराहना भी की।
बैठक में शीर्ष सहकारिता समितियों के निर्वाचन, माधो सिंह भंडारी सहकारी सामूहिक खेती योजना और पैक्स सचिवों की नियुक्ति की प्रगति की भी समीक्षा हुई।
इस बैठक में सचिव सहकारिता बीवीआरसी पुरुषोत्तम, निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक पंकज यादव, अपर निबंधक आनंद शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।