नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। सुबह 11 बजे होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू सभी दलों के सदस्यों से मुलाकात करेंगे और लोकसभा व राज्यसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सहयोग की अपील करेंगे।
शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा और इस दौरान सरकार 10 प्रमुख विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इनमें परमाणु ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विधेयक और उच्च शिक्षा सुधार से संबंधित कानून प्रमुख हैं। उधर, विपक्ष एसआईआर सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। ऐसे में सर्वदलीय बैठक संसद में सत्र की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

