डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन में आज PM मोदी की अहम बैठक—कौन से मुद्दों पर होगा बड़ा फैसला?

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) में चल रहा पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षकों (आईजीपी) का तीन दिवसीय 60वां अखिल भारतीय सम्मेलन आज अंतिम चरण में पहुंच गया है। रविवार को इस सम्मेलन की अहम बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में होगी, जिसमें देश की सुरक्षा रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।

शनिवार को सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं बैठक की अध्यक्षता की और भारत की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर डीजीपी और आईजीपी स्तर के अधिकारियों के साथ गहन मंथन किया। बैठक में देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली विदेशी फंडिंग एक प्रमुख मुद्दा रही। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अपने इनपुट, अनुभव और आगामी रणनीतियां साझा कीं।

शनिवार की देर शाम प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस वार्षिक सम्मेलन को ‘सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों को साझा करने का बेहतरीन मंच’ बताया। उन्होंने कहा कि यह बैठक देश की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है।

तीन दिवसीय सम्मेलन के अंतिम दिन आज कई महत्वपूर्ण विषयों पर अंतिम समीक्षा और आगामी दिशा तय होने की संभावना है। देशभर की पुलिस एजेंसियों के लिए यह मंच सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की नई रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.