कोयलांचल में शुक्रवार सुबह उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम शहर के प्रख्यात कारोबारी एलबी सिंह के घर पहुंची। टीम के घर में घुसते ही अचानक एलबी सिंह ने अपने पालतू कुत्तों को खोल दिया, जिसके बाद अधिकारी बेहद सतर्क हो गए और घर में प्रवेश करने से पहले पीछे हटने को मजबूर हुए। करीब दो घंटे तक ईडी अधिकारी मुख्य गेट के बाहर खड़े रहे। बाद में जब कुत्तों को बांधा गया, तब टीम घर में प्रवेश कर सकी।
ईडी ने आज सुबह कोयला कारोबार से जुड़े कई प्रमुख व्यापारियों के 18 ठिकानों पर एकसाथ कार्रवाई की। इनमें एलबी सिंह के साथ-साथ कोयलांचल के अन्य बड़े नाम — अनिल गोयल और संजय खेमका भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) के टेंडरों में अनियमितताओं से जुड़ी जांच का हिस्सा है।
सूत्रों के मुताबिक, एलबी सिंह बीसीसीएल के चर्चित ठेकेदार रहे हैं। उनके खिलाफ पहले भी कई एजेंसियों ने कार्रवाई की है। आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान उनके संबंध में संचालित खातों से लगभग 100 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए थे, जिसके बाद यह मामला और गंभीर हो गया था। उसी आधार पर सीबीआई ने बीसीसीएल टेंडर घोटाले में ईसीआईआर दर्ज की, जिसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच शुरू की।
इसके अलावा ईडी की कोलकाता यूनिट ने पश्चिम बंगाल में भी कोयला कारोबार से जुड़े ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों और कुछ अफसरों के ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की है। माना जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियाँ एक-दूसरे से जुड़ी हो सकती हैं।
धनबाद में एलबी सिंह के घर पर कुत्तों को खोल दिए जाने की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। ईडी की टीम देर शाम तक कार्रवाई में जुटी रही और कई दस्तावेज व डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले।