देहरादून। दिल्ली में लाल किले के पास हुई कार धमाके की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक (DGP) ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है और पुलिस प्रशासन सतर्कता की स्थिति में है।
राज्यभर में अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय सीमाओं, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल्स और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें।
डीजीपी ने सभी जिला प्रभारियों, एसएसपी और एसपी को निर्देश दिए हैं कि वे अतिरिक्त सतर्कता बरतें, गश्त और नाकेबंदी बढ़ाएं और सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी अफवाह या संदिग्ध संदेश की निरंतर मॉनिटरिंग करें।
राज्यभर में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कार, बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वाड को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। ये टीमें अब संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी और चेकिंग अभियान चला रही हैं।
पुलिस मुख्यालय ने बताया कि राज्यभर की सुरक्षा गतिविधियों की रीयल टाइम निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। साथ ही स्थानीय पुलिस और इंटेलिजेंस यूनिट्स को आपसी तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।
राज्य पुलिस ने दावा किया है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उत्तराखंड पुलिस पूरी सतर्कता और निगरानी मोड में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।