प्रधानमंत्री ने फिर थपथपाई धामी की पीठ, सीएम विरोधियों को लगा करारा झटका

अब अगला विधान सभा चुनाव भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुआई में

अमर श्रीकांत

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य स्थापना दिवस के मौके पर आए और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की एकबार फिर पीठ थपथपाकर दिल्ली लौट गए।

केवल इतना ही नहीं आगामी 25 सालों का रोड मैप भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को थमाकर चले गए। राजनीतिक नजरिए से देखा जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा,घोषणाएं तथा भविष्य के लिए दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव देवभूमि के लिए बेहद अहम हैं।

हां, जिस तरीके से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड सरकार की तारीफ की उससे एक बात तो साफ हो गई है कि धामी का खूंटा काफी सशक्त है। इसे हिलाना या डिगाना कोई आसान काम नहीं है।

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो उत्तराखंड सरकार की कार्य शैली से प्रधानमंत्री कार्यालय काफी खुश है। खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट पर उत्तराखंड सरकार सही दिशा में काम कर रही है।

इसलिए प्रधानमंत्री ने धामी सरकार को उत्तराखंड के विकास को लेकर और बड़ा टास्क भी सौंप दिया है। उत्तराखंड की जनता काफी खुश है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल यहां के लोगों का दिल ही नहीं जीता बल्कि भविष्य में धामी सरकार को क्या करना चाहिए, उसकी रूप रेखा भी सौंप दिया है।

दरअसल उत्तराखंड प्रधानमंत्री के दिल में बसता है और उत्तराखंड की हर गतिविघियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पैनी नजर रहती है। प्रधान मंत्री के आगमन ,घोषणाएं और भविष्य के लिए दिए गए सुझावों से उत्तराखंड में मुख्यमंत्री विरोधी जो हवा चल रही थी उस पर निश्चित रूप से अब विराम लग गया है।

मुख्य मंत्री के विरोधी और भाजपा के कुछ मुट्ठी भर वरिष्ठ नेताओं को भी तगड़ा झटका लगा है जो समय- समय पर सीएम के खिलाफ अनर्गल प्रचार करके संगठन और उत्तराखंड का माहौल को प्रदूषित करते रहते हैं। भाजपा का यह वर्ग धराशाई तो हुआ ही है। अब भाजपा हाईकमान एक्शन भी लेने के मूड में दिखता नजर आ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से वर्ष 2047 वाले उत्तराखंड के लिए रास्ता तय करते हुए बिना इंतजार आगे बढ़ने की अपील भी धामी सरकार से की है ,जो अपने आप में बड़ी बात है। प्रधानमंत्री ने

राज्य सरकार को सहयोग का पूरा भरोसा भी दिया है । साथ ही 8260 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास –लोकार्पण करके यह संकेत भी दिया कि धामी सरकार प्रदेश हित में काफी बढ़िया काम कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद वोकल फॉर लोकल मुहिम से जुड़ रहे हैं। उत्तराखंड के 15 कृषि उत्पादों को जीआई टैग मिला है। बेडू फल और ब्रदी घी को हाल के दिनों में जीआई टैग मिलना गौरव की बात है। इसी तरह हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड, उत्तराखंड के उत्पादों को एक मंच पर ला रहा है। डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए उत्तराखंड के उत्पाद ग्लोबल मार्केट में जुड़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक की विकास यात्रा में कई रुकावटें आई, लेकिन भाजपा सरकार ने मजबूत संकल्प के साथ इन बाधाओं को दूर किया।
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार ने यूसीसी को गंभीरता से लागू करते हुए, दूसरे राज्यों के लिए भी मिसाल प्रस्तुत की है।

इसी तरह राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी, दंगा नियंत्रण कानून से भी राष्ट्रहित को लेकर साहसिक नीति अपनाई है। प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से सरकार की प्रशंसा करके इस ओर भी इशारा कर दिया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली पर किसी भी भी तरह का कोई सवाल खड़ा नहीं किया जा सकता।

प्रधान मंत्री के दौरे के बाद राजनीतिक विश्लेषक अब यह मानकर चल रहे हैं कि अगला विधान सभा चुनाव भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुआई में होगा। इससे धामी विरोधी जो चंद भाजपाई गुब्बारा फूला रहे थे ,वे अब चित हो गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.