नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम अचानक सनसनी फैल गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के इलाके में अफरातफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो से तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
दिल्ली फायर सर्विस को यह सूचना शाम 6 बजकर 55 मिनट पर मिली, जिसके बाद मौके पर तुरंत 7 फायर टेंडर भेजे गए। धमाके के बाद कार में आग लग गई, जिससे आसपास खड़ी कुछ और गाड़ियों में भी आग फैल गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एनएसजी बम निरोधक दस्ते ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि यह धमाका गैस सिलेंडर, शॉर्ट सर्किट, या विस्फोटक पदार्थ के कारण हुआ। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
धमाके के बाद पूरे चांदनी चौक, दरियागंज और लाल किला इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मेट्रो स्टेशन के आस-पास ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है, वहीं पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमाके में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या धमाका किसी आतंकी साजिश का हिस्सा था या तकनीकी खराबी के कारण हुआ।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि धमाके से ठीक पहले की स्थिति का पता लगाया जा सके। राजधानी में इस घटना के बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।