देहरादून। उत्तराखंड की विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान को इस वर्ष के लिए पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। चमोली जिले में स्थित यह खूबसूरत घाटी अब पर्यटकों के लिए अगले साल 1 जून 2026 को फिर से खोली जाएगी। हर वर्ष की तरह इस साल भी घाटी 1 जून से 31 अक्टूबर तक सैलानियों के लिए खुली रही।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन के अनुसार, इस सीजन में कुल 15,924 पर्यटक फूलों की घाटी पहुंचे, जिनमें 416 विदेशी सैलानी भी शामिल थे। पर्यटन अवधि के दौरान विभाग को लगभग 33 लाख रुपये की आय हुई। यह घाटी अपनी अद्भुत जैव विविधता और मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जानी जाती है।
समुद्र तल से करीब 3,658 मीटर की ऊंचाई पर स्थित फूलों की घाटी में 500 से अधिक फूलों की प्रजातियां पाई जाती हैं, जो मानसून के मौसम में अपने चरम पर होती हैं। हालांकि, इस बार बीते वर्ष की तुलना में पर्यटकों की संख्या कुछ कम रही है।
रेंजर चेतना कांडपाल ने बताया कि घाटी को हर साल सीमित समय के लिए खोला जाता है ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे और दुर्लभ फूलों की प्रजातियों का संरक्षण हो सके। अब प्रशासन अगले सीजन की तैयारियों में जुट गया है, ताकि आने वाले वर्ष में पर्यटकों को और बेहतर अनुभव मिल सके।

