नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश(Congress General Secretary Jairam Ramesh) ने चीन के साथ लगातार बढ़ते व्यापार घाटे को लेकर केंद्र सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार को अब इस बढ़ते असंतुलन पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यह भारत की आर्थिक और रणनीतिक स्थिति पर असर डाल रहा है।
जयराम रमेश ने शुक्रवार को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में दावा किया कि अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा 54.4 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में काफी अधिक है, जब यह 49.6 अरब डॉलर था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चीन से आयात लगातार बढ़ रहा है, जबकि भारत का निर्यात उस गति से नहीं बढ़ पा रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ की बात तो करती है, लेकिन वास्तविकता इसके उलट नजर आ रही है।
रमेश ने केंद्र को आगाह करते हुए कहा कि चीन से बढ़ते आयात न केवल भारतीय उद्योगों के लिए चुनौती हैं, बल्कि यह देश की आर्थिक सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार को इस दिशा में ठोस नीति और कदम उठाने चाहिए ताकि भारत-चीन व्यापार संबंधों में संतुलन स्थापित हो सके।