नई दिल्ली/झारसुगुड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और इस दौरान 60,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। यह परियोजनाएं दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास और ग्रामीण आवास जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हैं।
कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए 37,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 97,500 से अधिक मोबाइल 4जी टावरों का उद्घाटन करेंगे। इनमें से 92,600 से अधिक टावर बीएसएनएल के तहत स्थापित किए गए हैं। डिजिटल भारत निधि के अंतर्गत 18,900 से अधिक टावरों को वित्त पोषित किया गया है, जिससे देश के 26,700 असंबद्ध गांवों को जोड़ा जाएगा। इनसे लगभग 20 लाख नए ग्राहकों को मोबाइल सेवा उपलब्ध होगी।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी (5जी तैयार) नेटवर्क सेवाओं का भी शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत को दुनिया के शीर्ष दूरसंचार उपकरण निर्माताओं की सूची में मजबूती से स्थापित करेगी। स्वदेशी 4जी नेटवर्क पूरी तरह सॉफ्टवेयर-आधारित और क्लाउड-आधारित है, जो भविष्य में 5जी तकनीक के लिए तैयार है।
सिंधिया ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री दो बड़े कदम उठाने जा रहे हैं—पहला, करीब 98 हजार मोबाइल 4जी टावरों का देशव्यापी रोलआउट और दूसरा, पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित 4जी नेटवर्क की शुरुआत। इससे देश का कोई भी इलाका डिजिटल सेवाओं से वंचित नहीं रहेगा।
ओडिशा की इस यात्रा को न केवल राज्य के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।